कांग्रेस में टिकट की होड़ पर पूर्व मंत्री की दो टूक

कांग्रेस में टिकट की होड़ पर पूर्व मंत्री की दो टूक
एक विधानसभा में कई दावेदार पैदा करना कमजोरी
एएनआई ने एक्स पर नवप्रभात नक बयान किया है शेयर
सवाल: क्या रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में एंट्री से टिकट पर मंडराया है खतरा
प्रीतम के न्याय यात्रा के विकासनगर में प्रवेश के ठीक पहले इस बयान से सियासी माहौल गर्म
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ को लेकर सियासत तेज है। कांग्रेस का अंदरूनी झगड़ा भी बढ़ गया है।
इसी बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व की तारीफ के साथ-साथ हाईकमान को टिकट बंटवारे पर आत्ममंथन की नसीहत भी दे दी है।
पूर्व मंत्री ने कहा, “राहुल गांधी आजकल जिस तरीके से देश को नेतृत्व दे रहे हैं, उससे कांग्रेस के प्रति लोगों की आस्था बढ़ी है। हमारे प्रदेश के नेतृत्व ने भी बहुत ज्यादा मेहनत शुरू कर दी है। न्याय यात्राएं बहुत सफल हो रही हैं।”
न्याय यात्रा के माहौल पर बात करते हुए नवप्रभात ने बताया कि आज प्रीतम सिंह विकासनगर न्याय यात्रा में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
2002 से चुनाव लड़ा, अनुभव हाईकमान से साझा किया
अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए नवप्रभात ने कहा, “मैं 2002 से हर चुनावी प्रक्रिया का भाग रहा हूं और लगातार सारे चुनाव लड़े भी हैं। उनसे कुछ अनुभव भी इकट्ठा हुआ और वह अनुभव आज मैंने पार्टी के हाईकमान से शेयर किया है।”
उन्होंने कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी की ओर इशारा किया। नवप्रभात ने कहा कि पार्टी चुनाव से पहले ही हर विधानसभा में कई-कई उम्मीदवारों को पैट्रोनाइज कर देती है। अलग-अलग नेता अलग-अलग तरीके से लोगों को प्रोत्साहित करते हैं, जिससे अंदरूनी गुटबाजी बढ़ती है।
हाईकमान जल्द तय करे उम्मीदवार
नवप्रभात ने साफ कहा, “मेरा मानना है कि हमारे नेतृत्व को, हमारे हाईकमान को, हमारे प्रभारियों को बैठकर सब विधानसभाओं पर विस्तृत चर्चा करके फैसले ले लेने चाहिए। तैयारी के लिए जो भी उम्मीदवार चयनित करें, उनको इशारा कर देना चाहिए।”
गौरतलब है कि कांग्रेस ने 22 अक्टूबर से प्रदेश के चारों कोनों से न्याय यात्रा शुरू की है। पहला दल अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर से, दूसरा बद्रीनाथ धाम से, तीसरा देहरादून के टपकेश्वर मंदिर से प्रीतम सिंह के नेतृत्व में और चौथा दल हरिद्वार से निकला है। यात्रा का मकसद महंगाई, बेरोजगारी, भर्ती घोटाले और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरना है।
नवप्रभात के इस बयान को 2027 की टिकट दौड़ से पहले कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और समय रहते स्पष्टता लाने की सलाह के तौर पर देखा जा रहा है।
नोट: ये खबर पूरी तरह से एएनआई की पोस्ट पर आधारित है।